गांव मड़ोरा के पास ड्रेन नंबर-8 के निकट महिला का शव मिलने के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इनकार कर रहे परिजन आखिरकार पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद मान गए। इसके बाद परिजनों ने महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में दिनभर तनावपूर्ण माहौल बना रहा। खरखौदा थाना क्षेत्र में ड्रेन के किनारे 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का अर्धनग्न शव मिला था। शव मिलने के बाद दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। इस मामले में महिला के भाई और बेटे का कहना था कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती और उन्हें न्याय का भरोसा नहीं दिया जाता, तब तक वह अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। परिजनों ने आरोप लगाया कि शुरुआती स्तर पर पुलिस उन्हें संतुष्ट करने में असमर्थ रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से बातचीत की और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो हर पहलू से जांच में जुटी हुई हैं। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। कुंडली थाना प्रभारी सेठी मलिक ने बताया कि समझाने और जल्द खुलासे के आश्वासन के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।