आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान ने पूरे जिले को देशभक्ति के रंग में रंग दिया है। अभियान के तहत जिला में विभिन्न तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, ताकि अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जा सके। इसी के तहत मुरथल अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में देशभक्ति के रंग के साथ जिला स्तरीय हर घर तिरंगा महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में नगराधीश डॉ. अनमोल ने किया, जबकि अध्यक्षता प्राचार्य सुमन बाला शर्मा ने की। अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुजाता खत्री, डीपीआरओ राकेश गौतम शामिल हुए। छात्राओं के लिए रंगोली, पोस्टर-कार्ड बनाओ, राखी बनाओ, मेहंदी व एक पत्र सैनिक के नाम जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। छात्राओं ने प्रतियोगिता में अपनी कला के माध्यम से देशभक्ति के प्रति जनून को प्रदर्शित किया। भारत माता के जयकारों से विद्यालय परिसर देशभक्ति से ओत-प्रोत हुआ।