सोनीपत। चचेरे भाई की हत्या के आरोप में जेल में बंद गांव खंदराई निवासी युवक विनोद का शव शनिवार को जेल की बैरक के बाथरूम में फंदे पर लटका मिला है। शव मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल प्रशासन ने मामले की सूचना शहर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव का खानपुर स्थित अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। युवक के मामा ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है गांव खंदराई निवासी विनोद सोनीपत जिला कारागार में हत्या के मामले में बंद थे। शनिवार को उसका शव बैरक के बाथरूम में रोशनदान पर चादर से बने फंदे पर लटका मिला। जेल कर्मचारियों ने शव को देखा तो तुरंत उच्च अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी। जेल अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। मामले की न्यायिक जांच कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। विनोद पर 29 जून को अपने चचेरे भाई सोमबीर की हत्या करने का आरोप था। आरोप है कि उसने साथियों के साथ मिलकर सुएं से वार कर सोमबीर की हत्या कर दी थी। मामले में सोमबीर का भाई प्रवीन भी घायल हुआ था। मामले में पुलिस ने विनोद को गिरफ्तार किया था और वह न्यायिक हिरासत में जेल में बंद था। मामा ने की निष्पक्ष जांच की मांग नागरिक अस्पताल में पहुंचे विनोद के मामा राजेश ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि एक दिन पहले उनकी भांजे से बात हुई थी। उन्होंने पैसे भी डलवाए थे। सुबह उन्हें भांजे के फंदे पर लटका मिलने की सूचना मिली थी। उनका कहना है कि जेल में बंद भांजे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। परिवार ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। विनोद के दोस्त पन्नू ने बताया कि वह करीब तीन दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। दोस्त के अनुसार उस समय विनोद पूरी तरह ठीक था और उसके व्यवहार से ऐसा कुछ महसूस नहीं हुआ था जिससे इस तरह की घटना की आशंका हो। ऐसे में उसके फंदा लगाने का कारण समझ नहीं आ रहा है। हत्या के आरोपी विनोद का शव बैरक में बाथरूम के अंदर फंदे पर लटका मिला है। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही विनोद की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है। इंस्पेक्टर अशोक, थाना प्रभारी, सिटी सोनीपत