मुरथल रोड स्थित अग्रसेन चौक पर रविवार दोपहर पहुंची आत्मनिर्भर भारत रथ यात्रा का भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यात्रा के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। सेक्टर-15 मार्केट में आयोजित कार्यक्रम में मेयर राजीव जैन ने आत्मनिर्भर भारत की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वदेशी आंदोलन की जड़ें वर्ष 1905 के बंगाल विभाजन से जुड़ी हैं, जिसे महात्मा गांधी ने असहयोग एवं स्वदेशी आंदोलन के माध्यम से जन आंदोलन का स्वरूप दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी अपनाओ, वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत आज देश की मजबूत आर्थिक, राजनीतिक एवं सुरक्षा नींव बन चुके हैं। इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश आत्रेय, वीरेंद्र मोहन कौशिक, जिला प्रभारी नवीन मंगला, सोनीपत लोकसभा प्रभारी आजाद नेहरा, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, पार्षद सुरेंद्र मदान, मुकेश सैनी, अतुल जैन, सुनीता लोहचब व मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन संजय वर्मा भी मौजूद रहे।