सोनीपत के नागरिक अस्पताल में सोमवार को एक चतुर्थ श्रेणी कर्मी और चिकित्सक के बीच विवाद के चलते हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरोप है कि एक्स-रे रूम में पहुंचे चतुर्थ श्रेणी कर्मी को चिकित्सक और एक स्टाफ नर्स ने थप्पड़ मारा। कर्मी ने आरोप लगाया कि उसे एक्स-रे रूम में बेवजह थप्पड़ जड़ा गया, जबकि दूसरी ओर, चिकित्सक ने भी अभद्रता का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत पुलिस को दी है। इस विवाद के बाद कौशल रोजगार के तहत लगे अस्पताल कर्मियों ने इस घटना पर रोष जताते हुए ओपीडी से बाहर आ गए। स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण नागरिक अस्पताल में एक्स-रे ओपीडी को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। कर्मियों का कहना है कि घटना के दौरान उनके साथी के साथ जो व्यवहार हुआ, वह गलत है और वे उसके लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। उधर, चिकित्सक पक्ष का कहना है कि उन्हें भी अभद्रता का सामना करना पड़ा और इस मामले में पुलिस कार्रवाई की मांग की गई है।