योग युक्त नशा मुक्त संकल्प के साथ 21 जून को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जटवाड़ा स्थित खिजर मकबरा परिसर में होने वाले जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को पायलट रिहर्सल की गई। रिहर्सल में प्रशासनिक अधिकारियों, योग साधकों, लोगों के साथ स्कूली बच्चों ने भी योगाभ्यास किया। नगराधीश डॉ. अनमोल ने रिहर्सल का अवलोकन कर प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम शनिवार सुबह 6 बजे खिजर मकबरा परिसर में होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा शिरकत करेंगे। वह जिलावासियों के साथ योग क्रियाएं कर उन्हें अपना शुभ संदेश देंगे।