सोनीपत में संयुक्त किसान मोर्चे व केंद्रीय ट्रेड यूनियन के आह्वान पर विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने मंगलवार को शहर में प्रदर्शन किया। लघु सचिवालय में पहुंचने पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) अंकुर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले विभिन्न संगठनों के सदस्य व पदाधिकारी पंचायत भवन में एकत्रित हुए और वहां से जुलूस निकालकर छोटू राम चौक से होते हुए लघु सचिवालय में पहुंचे। जुलूस में ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन, किसान सभा, सीआईटीयू, एआईयूटीयूसी, इंटक, रिटायर कर्मचारी संघ व कर्मचारी संगठन के सदस्य शामिल हुए। कामरेड हरिप्रकाश व शीलकराम मलिक ने बताया कि पूंजीपतियों के हित में आमजन, किसान व मजदूरों के खिलाफ नीतियां बनाई जा रही है। विभागों में खाली पड़े पदों को नहीं भरा जा रहा। लोगों की कमाई से बनाए गए सार्वजनिक उद्योगों को कोड़ियों के भाव बेचा जा रहा है। चार लेबर कोड पूंजीपतियों के हित में लाए जा रहे हैं। हंसराज राणा व आनंद शर्मा ने कहा कि सरकार वादाखिलाफी करते हुए एमएसपी कानून भी नहीं बना रही। पूंजीपति वर्ग के करोड़ों रुपये के कर्ज माफ किए जा रहे है, दूसरी तरफ किसान और मजदूर कर्ज के दबाव में आत्महत्या करने पर मजबूर है। यदि सरकार ने समय रहते किसान व मजदूरों के हित में नीतियां नहीं लागू की तो आंदोलन और भी तेज किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धानंद सोलंकी, रणबीर मलिक कर्मबीर, भगत सिंह, देशराज, कपिल, सत्यपाल रांगी, वजीर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।