गोहाना। शहर में जल्द ही ब्लैकआउट की समस्या का स्थाई समाधान होगा। इसके लिए बिजली निगम की ओर से महम रोड पर स्थित पावर हाउस में बिजली सप्लाई का दूसरा सोर्स तैयार किया जा रहा है। रविवार को दूसरे सोर्स की लाइन को जोड़ने के लिए पावर हाउस में लाइन बे तैयार किया गया। इसके चलते शहर में करीब 9 घंटों तक बिजली की आपूर्ति बंद रही। शहर और आसपास के गांवों में महम रोड स्थित पावर हाउस से बिजली की आपूर्ति दी जाती है। पावर हाउस में जसिया स्थित 220 केवी पावर हाउस से बिजली की सप्लाई मिलती है। पावर हाउस में बिजली सप्लाई का यह एकमात्र सोर्स है। ऐसे में जब भी 132 केवी लाइन की मरम्मत करनी होती है, अथवा लाइन में कोई फाल्ट आता है, तो बिजली की सप्लाई बंद करनी पड़ती है। इससे शहर में ब्लैकआउट की स्थिति बन जाती है। ब्लैकआउट की स्थिति से निपटने के लिए निगम ने पावर हाउस का दूसरा सोर्स तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की हुई है। दूसरा सोर्स भंडेरी स्थित 132 केवी पावर हाउस से तैयार किया जा रहा है। इसके लिए टावर लगाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त शहर के आबादी एरिया में 132 केवी लाइन को भूमिगत भी किया जा रहा है। निगम अधिकारियों ने रविवार को पावर हाउस परिसर में दूसरे सोर्स के लिए लाइन बे तैयार करने का कार्य किया, ताकि शहरी पावर हाउस को भंडेरी पावर हाउस के साथ जोड़ा जा सके। बिजली निगम के जेई कंस्ट्रक्शन मोहित गर्ग का कहना है कि दूसरा सोर्स तैयार होने के बाद शहर के उपभोक्ताओं को फायदा होगा। इससे बिजली की सप्लाई निरंतर बनी रहेगी। एक लाइन पर काम करने पर दूसरी लाइन से बिजली की सप्लाई दी जा सकेगी।