सोनीपत में यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्ती बरतते हुए पुलिस ने शनिवार को गोहाना शहर के शहीद चौक पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने बुलेट बाइक से पटाखे बजाने पर चालक का 21 हजार रुपये का चालान किया है। इसके अलावा यातायात पुलिस ने 20 अन्य वाहनों के भी चालान किए हैं। यातायात नियमों की सख्ती से पालना करवाने के लिए पुलिस लगातार जांच अभियान चला रही है। शनिवार को शहर के शहीद चौक पर पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी, तभी एक बुलेट बाइक चालक पटाखे बजाने की आवाज करते हुए आया। पुलिस ने पटाखे बजाने की आवाज सुन बुलेट बाइक चालक को रुकवाया और उसके दस्तावेजों की जांच की। जब बाइक के साइलेंसर की जांच की तो वह बदला मिला। जिस पर पुलिस ने बाइक से पटाखे बजाने पर युवक का 21 हजार रुपये का चालान कर दिया। चालक के पास पंजीकरण संबंधी दस्तावेज पूरे मिले। यातायात पुलिस इंचार्ज उप निरीक्षक ईश्वर सिंह ने कहा कि यातायात नियमों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वाहन चालकों को लगातार नियमों का पालन करने की नसीहत दी जाती है। इसके बावजूद वाहन चालक नियमों की अवहेलना से बाज नहीं आ रहे। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए चालान किए जा रहे हैं। बुलेट बाइक का पटाखे बजाने पर 21 हजार रुपये का चालान किया गया है। इसके अलावा अन्य 20 वाहनों के भी चालान किए गए हैं। यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।