मुख्यमंत्री की पत्नी एवं हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि देश की पहली शिक्षिका सावित्री बाई फुले ने शिक्षा की अलख जगाई और उन्होंने महिलाओं को शिक्षित करने का काम किया। उनके संकल्प पर चलते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं लागू कर रखी है। मुख्यमंत्री की पत्नी एवं हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने शनिवार को खरखौदा में सावित्रीबाई फुले महिला एवं बाल पार्क में पुस्तकालय कम बहुउद्देशीय हॉल की आधारशिला रखी। उन्होंने सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी की तरफ से पुस्तकालय कम बहुउद्देशीय हॉल निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं को संसद में 33 फीसदी आरक्षण देने का काम किया। वहीं, प्रदेश सरकार ने महिलाओं को पंचायती राज में 50 फीसदी हिस्सेदारी दिलाने का कार्य किया। जिसकी बदौलत महिलाएं पार्षद, सरपंच व पंच बनकर अपने क्षेत्र व गांव के विकास के लिए कार्य कर रही हैं।