एसीपी ऋषिकांत ने कहा कि सड़क पर घटित होने वाले हादसों को रोकने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। हम सभी यातायात नियमों की पालना कर खुद के साथ दूसरों को भी सुरक्षित रख सकते हैं। एसीपी ऋषिकांत सोमवार को गोहाना के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से आयोजित पुलिस की पाठशाला में बतौर मुख्यातिथि छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व विद्यालय के प्राचार्य निरंजन ने मुख्य अतिथि का स्कूल पहुंचने पर स्वागत किया। एसीपी ऋषिकांत ने छात्राओं को कहा कि दोपहिया वाहन चलाने वालों के लिए हेलमेट बेहद जरूरी है। छात्राएं दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें और परिवार के अन्य सदस्यों को भी हेलमेट लगाने के लिए जागरूक करें। अपनी सुरक्षा के लिए यदि दोपहिया वाहन पर दो सवार हैं तो दोनों हेलमेट पहनें। इसमें खुद की भी सुरक्षा रहेगी। यातायात नियमों का पालन कर हम सड़क पर रोजाना होने वाले हादसों में कमी ला सकते हैं। इससे सड़क पर होने वाली मौतों को भी टाला जा सकता है।