लगातार बारिश से सात गांवों के किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान शुक्रवार को मुआवजे की मांग को लेकर लघु सचिवालय पहुंचे। किसानों ने जिला पार्षद संजय बड़वासनी के नेतृत्व में सरकार व प्रशासन से नुकसान की भरपाई के लिए प्रति एकड़ के हिसाब से 1 लाख रुपये मुआवजे की मांग की। मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम सुभाष चंद्र को ज्ञापन देकर निकासी व्यवस्था दुरुस्त करवाने की गुहार लगाई, ताकि किसान अगली फसल उगाकर गुजर बसर कर सकें। जिला पार्षद संजय बड़वासनी के नेतृत्व में गांव जुआं, करेवड़ी, रतनगढ़, बड़वासनी, बागडू, जाट माजरा व हुल्लाहेड़ी के किसान लघु सचिवालय पहुंचे। सरपंच सुरेंद्र, पूर्व सरपंच प्रदीप, पंचायत सदस्य नाना, कुलबीर, संदीप, राजवीर ने बताया कि उनके गांवों में बारिश के कारण किसानों की फसल बर्बाद हो चुकी है। उनकी मांग है कि सरकार जल्द खराब फसलों की स्पेशल गिरदावरी करवाने के आदेश जारी करे। प्रत्येक किसान को एक लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाए, ताकि किसानों के नुकसान की भरपाई हो सके। किसानों ने आरोप लगाया कि बारिश में पानी की निकासी व ड्रेन की सफाई नहीं होने के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है। अगर प्रशासन ने समय रहते निकासी की व्यवस्था नहीं करवाई तो किसानों के सामने अगली फसल बुवाई की समस्या खड़ी हो जाएगी। ऐसे में प्रशासन जल्द पानी निकासी का प्रबंध करवाए, ताकि किसान अपनी अगली फसल की व्यवस्था कर सकें।