जल संरक्षण की मुहिम को मजबूत करते हुए रोडवेज विभाग अब गोहाना में भी शोधित पानी से बसों की धुलाई करवाएगा। इसके लिए गोहाना बस अड्डे में भी सोनीपत की तर्ज पर जल शोधन संयंत्र (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) लगाया जाएगा। जिसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि कागजी प्रक्रिया के पूरा होते ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। रोडवेज विभाग की तरफ से सोनीपत बस अड्डा के वर्कशॉप में 80 किलोलीटर प्रतिदिन (केएलडी) क्षमता का जल शोधन संयंत्र (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित किया गया था। जिस योजना के उद्देश्य से संयंत्र स्थापित किया गया था, वह पूरी तरह सफल रही है। इससे उत्साहित रोडवेज अधिकारियों ने अब इस योजना को गोहाना बस अड्डे में भी शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे वहां भी अब बस अड्डे से निकलने वाले दूषित पानी को शोधित कर बसों की धुलाई करने में प्रयोग किया जाएगा।