नागरिक अस्पताल में किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित मरीजों के लिए अच्छी खबर है। इन मरीजों को अब डायलिसिस के लिए दूसरे जिलों के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अस्पताल में डायलिसिस सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए अस्पताल के प्रथम तल पर स्थान चिह्नित किया गया है सेंटर में मरीजों को छह बेड की सुविधा मिलेगी। अस्पताल में डायलिसिस सेंटर तैयार करने का कार्य हैदराबाद की एक निजी एजेंसी करेगी। उपमंडल में सरकारी व गैर सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस की सुविधा नहीं है। ऐसे में किडनी संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को डायलिसिस के लिए रोहतक, पानीपत व सोनीपत का रूख करना पड़ता है। दूसरे जिलों के अस्पतालों में किडनी रोगियों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। वहीं प्राइवेट अस्पतालों में डायलिसिस करवाना अधिक महंगा भी पड़ता है। इसके लिए मरीजों को पांच से 25 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। स्वास्थ्य विभाग किडनी संबंधी रोगियों को अब शहर के नागरिक अस्पताल में ही डायलिसिस की सुविधा प्रदान करेगा। इसके लिए अस्पताल में डायलिसिस सेंटर शुरू करने के लिए एजेंसी ने सर्वे का कार्य भी पूर्ण कर लिया है। डायलिसिस सेंटर तैयार होने के बाद मरीजों को नागरिक अस्पताल में यह सुविधा निशुल्क मिलेगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार डायलिसिस सेंटर हैदराबाद की नैफरो प्लस एजेंसी तैयार करेगी। इसके साथ ही मरीजों की डायलिसिस करने के लिए प्रशिक्षित डॉक्टर व स्टाफ की नियुक्ति भी एजेंसी ही करेगी। एसएमओ डॉ. दिनेश छिल्लर का कहना है कि नागरिक अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए जल्द ही डायलिसिस सेंटर शुरू किया जाएगा। इसके लिए सर्वे का कार्य किया गया है। जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर डायलिसिस सेंटर शुरू करवा दिया जाएगा।