बीकानेर से लेकर पंजाब तक चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर आरोपियों को डबवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार युवकों से दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। सभी आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। डबवाली पुलिस ने आरोपियों को चार नवंबर को किराना की दुकान से 60 हजार रुपये लूटने के मामले में गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डबवाली सिद्धांत जैन ने बताया कि पुलिस जिला डबवाली में कई दिनों से लूट व स्नेचिंग की वारदात को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक कालांवाली राजीव कुमार और पुलिस उप अधीक्षक मुख्यालय किशोरी लाल के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ डबवाली, स्पेशल स्टाफ डबवाली, साइबर सेल व थाना सदर डबवाली की टीम गठित की गई थी। इन टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए साइबर सेल की सहायता से चार आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। एसपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कृष्ण कुमार पुत्र राजेन्द्र कुमार, रामदास उर्फ काला पुत्र दीवान चंद, मुकेश पुत्र कालाराम निवासी गांव बल्लू वाला जिला फाजिल्का पंजाब व हरिओम पुत्र राजकुमार निवासी गांव गोलू का मोड के रूप में हुई है।