संवाद न्यूज़ एजेंसी रोहतक। महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय में हो रहे अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के दूसरे दिन मुकाबला रोमांचक रहा। देश के विभिन्न राज्यों से आए पुरुष पहलवानों ने फ्री स्टाइल कुश्ती में अपना दमखम दिखाया। दूसरे दिन के मुकाबले में एसएससीबी के खिलाडियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। मैट पर कुछ खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय जबकि अन्य राष्ट्रिय स्तर के भी थे। खेल के दौरान हरियाणा के रुपेश ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता जबकि रोहतक के मोखरा गांव के 18 वर्षीय अतुल ने रजत पदक जीता। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।