संपत्तिकर बकाया पर सरकार की ओर से दी जा रही 100 प्रतिशत ब्याज माफी की विशेष छूट के अंतिम दिन मंगलवार को सुबह से ही नगर निगम में लोगों की भीड़ लग रही है। करदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम कार्यालय पिछले तीन अवकाश के दिनों में भी अन्य कार्यदिवसों की भांति संपत्तिकर जमा करने को खुला रखा गया। हालांकि तीनों दिन भी संपत्ति कर जमा करने के लिए करदाता पहुंचे लेकिन मंगलवार को नगर निगम काउंटर पर ज्यादा भीड़ लग रही है। नगर निगम में पिछले तीन दिनों में ही 82 लाख से ज्यादा संपत्ति कर जमा हो चुका है और इस वित्त वर्ष में अब तक 9 करोड़ से ज्यादा संपत्ति कर निगम में जमा हुआ है। हालांकि कुछ लोगों के प्रमाण पत्रों में त्रुटियां भी पाई जा रही है जिसके कारण वह संपत्ति कर जमा करने से मेहरूम हो रहे हैं। बहरहाल शाम 5 बजे तक संपत्ति कर जमा हो सकेगा, ऐसे में यहां शाम तक भीड़ रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से वर्ष 2010-11 से 2024-25 तक के लंबित संपत्तिकर बकाया पर 100 प्रतिशत ब्याज माफी की विशेष छूट प्रदान की गई है। यह विशेष छूट संपत्तिकर का बकाया भुगतान एवं बेबाकी प्रमाणपत्र यानी एनडीसी पोर्टल पर अपनी सम्पत्ति की सूचना स्वतः प्रमाणित करने वालो पर व निर्धारण वर्ष 2026-27 तक अपने कुल सम्पत्तिकर के बकाया का भुगतान करने वालो पर लागू होगी।