फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भूख लगी है खाना दे दो... रोटी लेने गई महिला के घर में शातिरों ने डाला डाका

अंकेश ठाकुर Updated Mon, 23 Feb 2026 06:56 PM IST

बावल के गांव रसियावास में दिनदहाड़े रोटी मांगने के बहाने आए लोगों ने घर में रखे जेवरात और नकदी चुरा ली। सीसीटीवी कैमरे चोर कैद हो गए हैं, मगर अभी तक उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित रवि कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब 10 बजे उनके घर में दो पुरूष, दो महिलाएं और दो बच्चे आए। आरोपियों ने घर के बाहर आकर रोटी मांगने की बात कही और खुद को भूखा बताया। उस समय रवि कुमार घर पर नहीं थे, उनकी पत्नी पूजा घर पर मौजूद थीं। पूजा ने बताया कि घर में उस समय तैयार खाना नहीं था। इस पर आरोपियों ने दोबारा कहा कि उन्हें बहुत भूख लगी है, कुछ खाने को दे दें। पूजा ने मानवता के नाते उन्हें खाना देने का निर्णय लिया और पास के एक अन्य घर से रोटी लेने चली गईं। जब वह खाना लेकर वापस लौटी तो घर के बाहर खड़े सभी लोग वहां से जा चुके थे। पहले तो उन्हें लगा कि शायद वे आगे निकल गए होंगे, लेकिन जब वह घर के अंदर पहुंचीं तो देखा कि कमरे की अलमारी खुली हुई है। अलमारी की जांच करने पर पता चला कि उसमें रखे जेवरात और नकदी गायब हैं। शिकायत के अनुसार अलमारी से दो जोड़ी झुमकी, पाजेब, टीका सहित अन्य आभूषण चोरी कर लिए गए। साथ ही घर में रखे 30 से 40 हजार रुपये नकद भी गायब मिले। पीड़ित परिवार के अनुसार कुल मिलाकर लगभग 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना का पता चलते ही परिवार ने आसपास के क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें