दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में साढ़े 11 वर्षीय लड़के की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हो गए। मध्य प्रदेश के जिला पन्ना के गांव पटेलपूरा निवासी मनोज कुमार साहू अपने परिवार के साथ लोडिंग टेंपो में खाटूश्याम के दर्शन कर वापस गुरुग्राम के कासन (मानेसर) स्थित अपने किराये के मकान पर लौट रहे थे। रविवार रात करीब 11 बजे जब उनका वाहन दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कसौला चौक के पास बाबा भारती होटल के समीप पहुंचा। इस दौरान सामने से आ रहे एक ट्राले ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए टेंपो की तरफ साइड दबा दी। ट्राला राजस्थान नंबर का था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो पलट गया। हादसे में मनोज कुमार साहू के भांजे सुमित कुमार साहू के सिर में गंभीर चोट लग गई। टेंपो में बैठे परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच ट्राला चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर भाग निकला। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल सुमित कुमार साहू को मृत घोषित कर दिया।