अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बिठवाना स्थित पीएमश्री स्कूल में अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किशोरियों को ह्यूमन पेपिलोमावायरस (एचपीवी) और उससे होने वाले सर्वाइकल कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम की शुरूआत स्कूल के प्राचार्य दुष्यंत कुमार ने स्वागत भाषण के साथ किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. मेघा ने बताया कि एचपीवी एक सामान्य वायरस है, जो लंबे समय में सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है। उन्होंने कहा कि एचपीवी के टाइप-16 और 18 सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारण होते हैं, जबकि टाइप-6 और 11 अन्य संक्रमणों के लिए जिम्मेदार होते हैं। एचपीवी वैक्सीन इन सभी प्रमुख प्रकारों से सुरक्षा प्रदान करती है। डॉ. मेघा ने बताया कि सरकार द्वारा 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत यह वैक्सीन निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक बेटियों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि समय पर टीकाकरण करवाने से भविष्य में होने वाले खतरे को काफी हद तक टाला जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और उन्हें एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसे चिकित्सा विशेषज्ञों की देखरेख में लगाया जाता है। वैक्सीन को लेकर छात्राओं ने रखी जिज्ञासाएं सामने: कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और वैक्सीन को लेकर अपनी जिज्ञासाएं सामने रखीं। छात्राओं ने वैक्सीन के फायदे, इसके दुष्प्रभाव और इसकी आवश्यकता को लेकर कई सवाल पूछे, जिनका डॉ. मेघा ने जवाब दिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. कपिल कुमार सिंह ने किशोरियों को स्वच्छता, पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और समय पर जागरूकता ही कई बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। कार्यक्रम में स्टाफ सुनीता, निशा और भूपेंद्र सहित शिक्षक शामिल रहे।