पानीपत के सेक्टर-29 पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत नूरपुर गुजरान गांव में दो बदमाशों ने एक मजदूर से मोबाइल छीनने का प्रयास किया। बदमाश मोबाइल नहीं छीन पाए तो उन्होंने उसके पेट में गोली मार दी। इसके बाद भी बदमाश मोबाइल नहीं छीन पाए और फरार हो गए। घायल की पहचान नूरपुर गांव निवासी नरेश कुमार के तौर पर हुई है। नरेश को परिजन जिला नागरिक अस्पताल में लेकर आए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। इमरजेंसी वार्ड की प्रभारी डॉ. सुखदीप कौर ने बताया कि मरीज की रीढ़ की हड्डी के पास गोली फंसी हुई थी। यहां सर्जन ने उसकी जांच की और उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है।