एसडी पीजी कॉलेज में लोहड़ी के पावन अवसर पर भव्य एवं उल्लासपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज की प्रबंधकारिणी, प्राध्यापकों, स्टाफ सदस्यों एवं सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीजे की धुनों, लोकगीतों और पारंपरिक नृत्य ने पूरे परिसर को आनंद और उमंग से भर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडी एजुकेशन सोसायटी के सचिव नरेश गोयल द्वारा लोहड़ी की पवित्र अग्नि प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने रेवड़ी, मूंगफली और गजक की खुशबू के बीच लोहड़ी की आग के चारों ओर नृत्य करते हुए सामूहिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। एकल नृत्य से प्रारंभ हुआ कार्यक्रम सामूहिक नृत्य के साथ अपने चरम पर पहुंचा। नरेश गोयल ने कहा कि लोहड़ी पर्व हमें निरंतर गतिशील, धैर्यवान और सकारात्मक बने रहने की प्रेरणा देता है। यह पर्व हमारे पारिवारिक एवं सामाजिक संबंधों में भी गर्माहट बनाए रखने का संदेश देता है। उन्होंने लोहड़ी को किसानों के लिए विशेष महत्व का पर्व बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। कॉलेज प्रधान दिनेश गोयल, महासचिव महेंद्र अग्रवाल, उपप्रधान राजीव गर्ग एवं कोषाध्यक्ष विशाल गोयल ने भी स्टाफ व विद्यार्थियों को लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं।