मौसम बदलने के साथ गेहूं और धान की कटाई के समय आंखों में एलर्जी के साथ इंफेक्शन (संक्रमण) का खतरा बढ़ जाता है। जिला नागरिक अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी हाल में 120 के करीब है। इनमें एलर्जी और इंफेक्शन के मरीज 10 प्रतिशत हैं। मार्च और अप्रैल महीने में मौसम में बदलाव के साथ गेहूं व धान की कटाई शुरू हो जाएगी। इस समय नेत्र संबंधित बीमारी बढ़ जाती हैं। इस के साथ नेत्र रोग की ओपीडी बढ़ जाती हैं। इसलिए चिकित्सक पहले ही लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. केतन भारद्वाज ने बताया कि मार्च और अप्रैल माह में गर्मी की शुरुआत का समय होता है और इसी समय गेहूं और धान की फसल की कटाई होती है। ऐसे में धूल कण बढ़ जाते हैं और आंखों में एलर्जी और इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है, उस समय एक दिन की ओपीडी में आधे से ज्यादा मरीज एलर्जी और इंफेक्शन के पहुंचते हैं। लोगों को मौसम बदलाव और फसलों की कटाई करते समय आंखों का अतिरिक्त ध्यान रखना चाहिए। आंखों पर सुरक्षा चश्मा लगाना चाहिए और आंखों को बार-बार स्वच्छ पानी से धोना चाहिए। आंखों में जलन या हल्का से दर्द होने पर ही चिकित्सक से परामर्श करना चाहिए।