पानीपत में पुलिस लाइन के पास जीटी रोड पर एक कैंटर ने मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में बड़े भाई की मौत हो गई, छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने मृतक के बेटे के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। बसहेड़ा गांव निवासी धर्म सिंह ने बताया कि उसका चाचा बब्बू सफीदों रहता है। उसका पिता गुरदीप (49) मंगलवार को उसके चाचा बब्बू से मिलने के लिए सफीदों गया था। वह दोनों रात को मोटरसाइकिल पर सफीदों से बसहेड़ा गांव में घर आ रहे थे। रास्ते में जीटी रोड पर पुलिस लाइन के सामने एक कैंटर ने पीछे से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में उसका पिता गुरदीप व चाचा बब्बू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सिवाह के पास एक निजी अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके पिता गुरदीप को मृत घोषित कर दिया। उसके चाचा बब्बू की हालत भी गंभीर बनी हुई है।