पंचकूला सेक्टर-5 स्थित शालीमार ग्राउंड में वीरवार शाम को रावण दहन को देखने पहुंचे हजारों लोगों की वजह से जाम लग गया। जाम में शालीमार चौक के पास सीएम नायब सिंह सैनी की गाड़ी को भी कुछ समय के लिए रुकना पड़ा। करीब 180 फीट ऊंचे रावण के पुतले को देखने के लिए पंचकूला, चंडीगढ़ और मोहाली सहित आस-पास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हुए थे। भीड़ की वजह से शालीमार ग्राउंड और आसपास की सड़कें खचाखच भर गईं थीं। रावण दहन कार्यक्रम को देखने के लिए वीरवार दोपहर से ही लोग शालीमार ग्राउंड में पहुंचने शुरू हो गए थे। सेक्टर-5 से लेकर सेक्टर-10 तक, सेक्टर-10 से सेक्टर-8 शालीमार चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सड़कों पर दोनों ओर वाहनों की रफ्तार थम गई और लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। जाम के कारण कई वाहन चालक और परिवार अपने बच्चों के साथ घंटों तक परेशान रहे। शहर की मुख्य सड़कों की स्थिति इतनी विकराल हो गई कि कुछ समय के लिए लोगों को अपने वाहन वहीं रोकने पड़े। पुलिसकर्मियों ने ट्रैफिक को नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत की। धीरे-धीरे जाम को खोला गया और देर शाम तक वाहनों की आवाजाही सामान्य हो पाई। हालांकि पुलिस ने बाद में राहत पहुंचाते हुए वाहनों को एक-एक कर बाहर निकालकर रास्ते साफ कराए।