राजकीय महाविद्यालय नारनौल में विश्व पोलियो दिवस मनाया गया। वहीं, युवाओं को नशामुक्ति और पोलियो जागरूकता शपथ दिलाई गई। जिसकी अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. पूर्ण प्रभा ने की। रेड रिबन क्लब की ओर से पीजी महाविद्यालय के नजदीक त्रिदेव व्यायामशाला के सहयोग से विशेष पोलियो मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। रेड रिबन क्लब के नोडल अधिकारी प्रोफेसर डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि विश्व पोलियो दिवस का उद्देश्य पोलियो के प्रति जागरूकता फैलाना और बच्चों को बचाना है। पोलियो मुख्य रूप से पांच साल से कम उम्र के बच्चों को प्रभावित करता है। यदि समय पर इलाज और टीकाकरण न किया जाए, तो यह बीमारी बच्चों को पैरालिसिस यानी लकवा जैसी गंभीर स्थिति में डाल सकती है, जिससे शरीर के कुछ हिस्से ठीक से काम नहीं कर पाते। त्रिदेव व्यायामशाला के निदेशक राव विरेन्द्र सिंह ने कहा कि इस पोलियो जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में पोलियो और अन्य संक्रामक बीमारियों के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना है। इस दौरान ट्रेनर रोहित यादव और डाइटिशियन आनंद यादव ने बताया कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, जो बच्चों की विकास प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है।