नारनौल नगर परिषद सफाई कर्मचारियों ने सोमवार सुबह मुख्यद्वार पर ताला जड़ कर धरना प्रदर्शन शुरू कर किया। सफाई कर्मचारियों के साथ बीते शुक्रवार को नसीबपुर के पास एक दुकानदार ने लाठी डंडों से मारपीट की थी। इसके बाद नगर परिषद कर्मचारियों ने महावीर चौकी पर रोष व्यक्त कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की थी। लेकिन अब आरोपियों को जमानत मिल गई और कार्रवाई नहीं होने की वजह से नगर परिषद कर्मचारियों में रोष बना हुआ है। आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार को नगर परिषद कर्मचारी एकत्रित हुए और नारेबाजी की। वहीं नगर परिषद के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया। इसकी वजह से नगर परिषद में आने वाले लोगों को अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इस मौके पर जेई, पार्षद भी पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक मुख्य द्वार का ताला नहीं खोला है और नप कर्मचारी धरने पर बैठे हुए हैं।