निजामपुर। ब्लॉक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह से ही मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आया। दिनभर कभी तेज तो कभी धीमी गति से दिनभर रुक-रुक कर बरसते काले बादलों की बारिश का सिलसिला जारी रहा। जिससे मौसम सुहावना बना रहा। शुक्रवार को दिन का तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस तथा रात का तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से कम रहा। सुबह से शाम तक महेंद्रगढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुक कर झमाझम बारिश होती रही। लगातार हो रही बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है। प्रदीप गांव छापड़ा, सूरेन्द्र गांव निजामपुर, महिपाल गांव घाटाशेर और अन्य ग्राम्य किसानों का कहना है कि खरीफ फसलों के लिए यह बारिश अमृत तुल्य साबित हो रही है और इससे फसलों को नया जीवन मिला है। वहीं नारनौल से पर्यावरण क्लब राजकीय महाविद्यालय में नोडल अधिकारी डॉ. चन्द्र मोहन ने बताया कि हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में कमजोर पड़ चुका मानसून अब फिर से सक्रिय हो गया है। पिछले तीन-चार दिनों से लगातार मानसूनी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं और आने वाले दिनों में इसमें और तेजी आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 7 से 12 अगस्त के दौरान रोहतक, झज्जर, सोनीपत, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, मेवात, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कई क्षेत्रों में अति भारी मूसलाधार वर्षा भी हो सकती है। डॉ. चन्द्र मोहन के अनुसार, मौसम प्रणाली के राजस्थान के उत्तरी हिस्से में पहुंचने के बाद हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत, फतेहाबाद, सिरसा, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ जगह भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। लगातार बारिश के कारण हरियाणा, एनसीआर और दिल्ली क्षेत्र में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे उमसभरी और पसीना छुड़ाने वाली गर्मी से आमजन को काफी राहत मिली है और मौसम पूरी तरह खुशनुमा बना हुआ है।