नगरपालिका एवं प्रशासन की ओर से बुधवार को चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान मजाक बन गया। प्रशिक्षु नायब तहसीलदार एकता की ओर से शहर की सब्जी मंडी के मुख्य द्वार के पास 2:40 बजे जिन रेहड़ियों को हटावाया गया था वह महज दस मिनट बाद 2:50 बजे फिर गेट के पास वहीं खड़ी मिली। नायब तहसीलदार नपा टीम के साथ करीब दो घंटे तक शहर में अभियान चलाया। दोपहर दो बजे शुरू हुए अभियान के दौरान नायब तहसीलदार एकता नपा की टीम के साथ शंकर मार्केट, शॉपिंग कांपलेक्स, बालाजी चौक, विश्वकर्मा चौक, आंबेडकर चौक पहुंची। 2:40 मिनट पर जब नायब तहसीलदार टीम के साथ सब्जी मंडी पहुंची तो मुख्य गेट के सामने खड़ी रेहड़ी संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए चार रेहड़ियां हटवाकर सब्जी मंडी रोड की ओर निकल गई। इसके महज दस मिनट बाद 2:50 बजे रेहड़ी चालकों ने रेहड़ियों को फिर से उसी स्थान पर खड़ा कर इस अभियान को ठेंगा दिखा दिया। हालांकि दौरान 10 दुकानदारों के 200 रुपये से 500 रुपये के चालान किए गए तथा 15 दुकानदारों के सामान को जब्त किया गया। बता दें की नगरपालिका की ओर से पिछले एक माह से अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान शहर मुनादी कराने के साथ-साथ नियमित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से निगरानी भी की जा रही है। लेकिन नगरपालिका की ओर से शहर के मुख्य बाजारों में न ही तो मार्किंग कराई गई है और न ही कोई स्थान निर्धारित किया गया है। इसके कारण रेहड़ी संचालकों की ओर से एक बार टीम आने पर कुछ देर के लिए रेहड़ियां हटा ली जाती हैं और टीम जाने के बाद फिर उसी स्थान पर खड़ी कर दी जाती हैं।