महेंद्रगढ़ के सर्राफा बाजार में भारी पुलिस बल की तैनाती में अवैध अतिक्रमण पर नपा की ओर से बुल्डोजर चलाया गया। इस दौरान नगरपालिका के अधिकारियों की टीम व पुलिस बल की निगरानी में अवैध अतिक्रमण हटाया गया। कुछ दुकानदारों ने टीम का विरोध किया लेकिन पुलिस की तैनाती के कारण यह विरोध अधिक देर तक नहीं हुआ। दोपहर को नपा की टीम बुल्डोजर व ट्रेक्टर-ट्राली के साथ पहुंची थी। बता दें कि नगरपालिका की ओर से सब्जी मंडी के गेट से सर्राफा बाजार मार्ग पर सड़क का निर्माण किया जाना है। इसके लिए नपा द्वारा तीन दिनों से दुकानदारों व व्यापारियों से अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही थी। साथ ही मुनादी करा अवैध अतिक्रमण हटाने में सहयोग की अपील की गई थी। अपील के बाद कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने बनाए गए चबूतरों व सीढि़यों को तोड़ना शुरू कर दिया था। लेकिन कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे बनी सीढि़यां ज्यों की त्यों छोड़ दी थी। बुधवार को परशुराम चौक से सर्राफा बाजार व पुराने एक्सजेंस तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चली।