थाना क्षेत्र केयूके के अंतर्गत कैंथला खुर्द, बारवा और मिर्जापुर गांवों में उस समय दहशत फैल गई, जब कुछ ग्रामीणों ने खेतों में एक शावक देखे जाने का दावा किया। इससे पुलिस व वन विभाग में भी हड़कंप सा मच गया और आनन-फानन में टीमों ने मौके पर पहुंच कर सर्च अभियान चलाया। हालांकि वन विभाग ने शावक की मौजूदगी की पुष्टि नहीं की और ग्रामीणों के दावों को प्रारंभिक जांच में अस्वीकार कर दिया। वीरवार दोपहर करीब एक बजे कैंथला खुर्द के खेतों में काम कर रहे कुछ किसानों ने रास्ते पर एक जानवर को कुछ खाते हुए देखा। उन्होंने उसी दिशा से आ रहे दूसरे किसान को आवाज देकर देखने को कहा तो किसान ने शावक के होने की बात कहते हुए साथियों को आवाज लगाई। इसी बीच किसानों ने दावा किया कि शावक धान के खेतों से होते हुए आगे भाग गया। किसानों को मौके पर आधी खाई हुई गो मिली, जिससे अफवाह को और बल मिला। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर सर्च अभियान शुरू किया।