कुरुक्षेत्र में जिला पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए गांधी नगर में धावा बोल दिया। यहां से टीम ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए। यहां अलग-अलग जगह से पुलिस ने 455.74 ग्राम स्मैक और 260 ग्राम गांजा पत्ती बरामद की। पुलिस ने अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को भी अटैच किया। पुलिस ने सोना-चांदी के जेवर, करीब साढ़े पांच लाख रुपये, 13 मोबाइल बरामद किए। अंतरराष्ट्रीय बाजार इनकी नशीले पदार्थों की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि उनको काफी समय से गांधी नगर में नशीले पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी। इस कार्रवाई करने के लिए सीआईए-एक, सीआईए-दो और एएनसी समेत 18 टीमें बनाई गई थी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अलग से छह टीम गठित की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग मामले दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।