न्यू रमेश नगर स्थित रविदास मंदिर में आयोजित एक कार्यक्रम में हरियाणा के जेल मंत्री अरविंद शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को अपनी मानसिकता बदलनी चाहिए, क्योंकि EVM से हो रहे चुनावों के नतीजे पूरी तरह से सही आ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस द्वारा नगर पालिका और नगर निगम के चुनाव वॉलपेपर पर कराने की मांग को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। पत्रकारों से बातचीत के दौरान अरविंद शर्मा ने हरियाणा की प्रसिद्ध जलेबी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गोहाना की जलेबी अब पूरे भारत में मशहूर हो रही है और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे तैयार करवाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वे हमेशा अपनी गाड़ी में गोहाना की जलेबी रखते हैं और अब तक जहां-जहां चुनाव हुए हैं, वहां उन्होंने प्रत्याशियों को यह जलेबी खिलाई है, जो विजयी हुए हैं।