कैथल। सांसद खेल महोत्सव के तहत सोमवार को कैथल विधानसभा की खेल प्रतियोगिताओं का आगाज हो गया। डीसी अपराजिता ने महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम में प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में चार मैदानों पर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे। मुकाबले महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम, पुलिस लाइन ग्राउंड, आरकेएसडी कॉलेज और हॉकी स्टेडियम हाबड़ी में करवाए जाएंगे। महोत्सव में कबड्डी, बॉक्सिंग, कुश्ती, शूटिंग, हॉकी, जूडो, दौड़, रस्साकसी, क्रिकेट और फुटबॉल सहित 11 खेलों के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिताओं को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से करवाने के लिए 100 से अधिक खेल प्रशिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। विधानसभा स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा उन्हें लोकसभा स्तर की प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध करवाना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है।