कैथल। दशहरा पर्व पर मंगलवार शाम 6 बजे चंदाना गेट स्थित रामलीला मैदान में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। श्रीराम दशहरा उत्सव समिति की ओर से आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शाम 6 बजे होने वाले पुतला दहन में 61 फुट ऊंचा रावण, 55 फुट का कुंभकरण और 50 फुट का मेघनाद आकर्षण का केंद्र रहेंगे। तीनों पुतलों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है, जो उत्सव की रौनक बढ़ाएंगी। इस बार पहली बार रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतलों के साथ ही रावण की लंका का दहन भी किया जाएगा। मैदान में तीनों पुतले तैयार कर दिए गए हैं। दशहरे पर पुतला दहन देखने के लिए शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा। ग्यारह रुद्री मंदिर से निकलेगी शोभायात्रा... पुतला दहन से पहले श्री ग्यारह रुद्री मंदिर से रामलीला मैदान तक भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल होंगे। रामलीला मैदान पहुंचने पर राम-रावण युद्ध का मंचन किया जाएगा। इसके बाद रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन होगा। समिति ने पूरी की तैयारियां... श्रीराम दशहरा उत्सव समिति के प्रधान संदीप सैनी, उपप्रधान रजत थरेजा, महासचिव शशि सैनी और सहसचिव अभिषेक गोयल ने बताया कि दशहरा उत्सव को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मुख्यातिथि के रूप में सांसद नवीन जिंदल शिरकत करेंगे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथियों के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग व हैफेड के पूर्व चेयरमैन कैलाश भगत भी शिरकत करेंगे। कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की मदद भी समिति द्वारा की जाएगी, ताकि अव्यवस्था का माहौल न बने।