जींद से मथुरा के लिए जाने वाली रोडवेज बस के समय में बदलाव किया गया है। पहले यह बस सुबह चार बजे जींद से मथुरा के लिए रवाना होती थी, लेकिन अब यह बस दोपहर 12 बजे जींद से चलेगी। नई समय सारिणी के अनुसार प्रतिदिन जींद बस अड्डे से दोपहर 12 बजे बस चलेगी, जो रोहतक, दिल्ली, फ रीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल और कोसी होते हुए रात को साढ़े आठ बजे के करीब मथुरा पहुंचेगी। साढ़े नौ बजे मथुरा से जींद के लिए वापस चलेगी और रात को दिल्ली में ठहराव होगा। वहां से सुबह चार बजकर 40 मिनट पर दिल्ली से जींद के लिए बस चलेगी, जो सुबह आठ बजे के करीब जींद पहुंचाएगी। पहले यह बस सुबह चार बजे जींद से चलती थी। जींद से मथुरा की दूरी 313 किलोमीटर है और 330 रुपये किराया लगता है। मथुरा धार्मिक स्थल होने के कारण जींद से काफी यात्री वहां जाते हैं। अब बच्चों की गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं। ऐसे में बच्चे अपने अभिभावकों के साथ बाहर धार्मिक और अन्य पर्यटन स्थल पर घूमने की योजना बनाते हैं। जींद के मथुरा के लिए सीधी ट्रेन सुविधा नहीं है। जींद से मथुरा जाने के लिए लिए दिल्ली से ट्रेन बदलनी पड़ती है। वहीं जींद से मथुरा के लिए सीधी बस है। यात्रियों की मांग पर मथुरा जाने वाली बस के समय में बदलाव किया गया है।