जुलाना: गत 4 जुलाई को जुलाना के वार्ड 7 निवासी कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके घर से सभी लोग काम पर गए थे। इसी दौरान उनके घर से 25 हजार रूपये नगदी और साढ़े तीन लाख के गहने चोरी हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। वहीं दुसरा मामला जुलाना के वार्ड नंबर 7 निवासी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि वह पुरानी अनाज मंडी जुलाना में राजेन्द्र कुमार एंड किशोरी लाल के नाम से किरयाणा स्टोर संचालित करता है। उसकी पत्नी कमलेश की तबीयत खराब रहने के कारण लगभग एक सप्ताह पहले उन्होंने वार्ड नंबर 7 निवासी निधि पत्नी हिमांशु को घरेलू कार्य के लिए रखा था। 2 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे उनकी पत्नी घर पर अकेली थी। उसी दौरान निधि घर का काम करने आई और उसके साथ उसका पति हिमांशु भी था। पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण वह अपने कमरे में आराम कर रही थी, जबकि हिमांशु उससे बातचीत करता रहा। कुछ देर बाद पत्नी की आंख लग गई। जब वह उठी तो निधि और उसका पति घर से जा चुके थे।राजेन्द्र सिंह ने बताया कि निधि की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उनकी पत्नी ने अगले दिन दूसरे कमरे में रखी अलमारी की जांच की। जांच करने पर अलमारी से करीब ढाई लाख रुपये की नकदी, चार चांदी के सिक्के, एक आर्टिफिशियल गले का हार, दो आर्टिफिशियल कड़े तथा एक जोड़ी आर्टिफिशियल कानों के झुमके गायब मिले। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए जुलाना के वार्ड 7 निवासी कर्ण, हिमांशु और उसकी पत्नी निधि को गिरफतार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 13 हजार की नगदी और गहने बरामद किए हैं।