शहर में बुलेट बाइक से पटाखे बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को एसपी कार्यालय के सामने पटाखे छोड़ने वाली एक बुलेट बाइक को पकड़कर ट्रैफिक पुलिस ने 22,500 रुपये का चालान किया और बाइक को इंपाउंड कर लिया। ट्रैफिक पुलिस अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि एसपी कुलदीप सिंह के निर्देश पर बुलेट बाइक में अवैध मॉडिफिकेशन कर पटाखे बजाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर के अंदर एसपी कार्यालय के सामने खड़ी एक बुलेट बाइक की जांच की गई। बाइक को स्टार्ट कर चलाने पर तेज आवाज के साथ पटाखे बजते पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालक का 22,500 रुपये का चालान किया। राजेश कुमार ने कहा कि बुलेट से पटाखे बजाने से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, जिससे आमजन और मरीजों को परेशानी होती है। यह सेहत के लिए भी हानिकारक है। पुलिस ने चेतावनी दी कि शहर में कहीं भी इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।