फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जींद:हरियाणा भ्रष्टाचार और अपराध की गिरफ्त में : डॉ. सुशील गुप्ता

सुधीर शर्मा Updated Thu, 09 Jul 2026 08:04 PM IST

संवाद न्यूज एजेंसी जींद। आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील कुमार गुप्ता ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। गुरुवार को जींद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हो चुकी हैं कि बिना पैसे दिए सरकारी कार्यालयों में आम लोगों के काम नहीं हो रहे हैं। डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रदेश का शायद ही कोई जिला, नगर परिषद या नगर निगम ऐसा बचा हो जहां भ्रष्टाचार की शिकायतें न हों। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार का यह तंत्र अधिकारियों और नेताओं की मिलीभगत से चल रहा है। कार्रवाई के दौरान अधिकारी तो जेल पहुंच जाते हैं, लेकिन जिम्मेदार नेताओं तक जांच नहीं पहुंच पाती। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी, फैमिली आईडी, रजिस्ट्रेशन और रजिस्ट्री जैसे कार्यों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आम नागरिकों में यह धारणा बन चुकी है कि सरकारी दफ्तरों में बिना लेन-देन के काम नहीं होता। डॉ. गुप्ता ने आरोप लगाया कि कई विकास कार्यों में जमीन पर काम हुए बिना ही ठेकेदारों को भुगतान कर दिया जाता है और ऑडिट प्रक्रिया भी पूरी दिखा दी जाती है। इससे प्रदेश में वास्तविक विकास के बजाय कागजी विकास को बढ़ावा मिल रहा है। कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है। प्रदेश में विभिन्न आपराधिक गिरोह सक्रिय हैं और हत्या, लूट, फिरौती तथा महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जींद जिले में भी अपराध का ग्राफ बढ़ा है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि जनता अब प्रदेश की वास्तविक स्थिति को समझ चुकी है और बदलाव चाहती है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें