प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को जींद पहुंचे और 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री सबसे पहले जींद जंक्शन पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने जींद जंक्शन पर प्रस्तावित हाइड्रोजन प्लांट और हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता तथा अन्य व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। इसके बाद मुख्यमंत्री एकलव्य स्टेडियम पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधाओं और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सभी तैयारियां पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं और प्रत्येक विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करे।