जुलाना क्षेत्र के ब्राह्मणवास गांव के पास रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब अचानक एक इलेक्ट्रिक कार में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि चालक बाहर बैठा था जिससे उसकी जान बच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मदीना गांव निवासी जितेंद्र किसी निजी कार्य से ब्राह्मणवास गांव स्थित दुर्गा नर्सरी के पास आया हुआ था। इसी दौरान वहां मौजूद राहगीरों ने उसे सूचना दी कि उसकी कार से धुआं निकल रहा है। जब वह तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को समझने की कोशिश की, तभी अचानक कार में तेज आग भड़क उठी। आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।