डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने शुक्रवार को विश्राम गृह में जनता दरबार लगाया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी तरह की देरी या अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता दरबार में सुबह से ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से महिलाएं, बुजुर्ग और किसान अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रमुख रूप से टूटी सड़कों के पुनर्निर्माण, पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, राशन कार्ड और परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों जैसे मुद्दे उठाए। डॉ. मिड्ढा ने एक-एक फरियादी की बात को सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान तुरंत संभव है, उन्हें मौके पर ही निपटाया जाए। डिप्टी स्पीकर ने अधिकारियों को हिदायत दी कि जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। यदि किसी समस्या के समाधान में तकनीकी बाधा है, तो संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट रूप से समझाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का कार्य योजनाबद्ध तरीके से जारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे दरबार नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर मार्केट कमेटी चेयरमैन मनीष उर्फ बबलू, एमसी राममेहर, जगमोहन गुप्ता, सुनील नायक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।