जींद में डिप्टी स्पीकर और भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने रविवार को जींद के पांच गांवों मनोहरपुर, लोहचब, ईंटल कलां, कैरखेड़ी और अहिरका में बने इंडोर जिम का उद्घाटन किया। इन जिमों को जनता को समर्पित करते हुए डॉ. मिड्ढा ने कहा कि ये आधुनिक जिम गांववासियों के स्वास्थ्य सुधार के लिए महत्वपूर्ण साबित होंगे। मनोहरपुर में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से बने जिम का उद्घाटन करते हुए डॉ. मिड्ढा ने कहा कि इन जिमों में उच्च गुणवत्ता के उपकरण लगाए गए हैं, जो बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए लाभकारी होंगे। उन्होंने गांववासियों से अपील की कि वे इन उपकरणों का सही तरीके से रखरखाव करें और अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए इनका उपयोग करें। डॉ. मिड्ढा ने हरियाणा सरकार की खेल नीति की सराहना करते हुए कहा कि यह नीति देश में सर्वश्रेष्ठ मानी जाती है और अन्य राज्य भी इसका अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए बेहतरीन इन्फ्रास्ट्रक्चर और कल्याणकारी नीतियां बनाई जा रही हैं। ऑलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये के पुरस्कार और नौकरी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार गांवों का विकास भी शहरों की तर्ज पर कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण अंचल का व्यक्ति सशक्त और खुशहाल हो, जिससे देश उन्नति और विकास की ओर अग्रसर हो सके। उन्होंने कहा कि देश की 80 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है, इसलिए इन क्षेत्रों का विकास महत्वपूर्ण है।