जींद। शिव कॉलोनी स्थित किसान भवन में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन की जिला स्तरीय बैठक जिला अध्यक्ष बिंद्र नंबरदार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में दस अगस्त को प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही यूनियन ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत बिजली कर्मचारियों और इंजीनियरों के संघर्ष का भी समर्थन करने की घोषणा की। बैठक में गांव राजपुरा भैण के हाल आबाद राम कॉलोनी निवासी रमेश के मामले पर भी चर्चा की गई। यूनियन नेताओं ने बताया कि बैंक द्वारा लोन विवाद के चलते मकान पर ताला लगाए जाने के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं ने ताला तोड़ दिया था। इस मामले में बैंक की शिकायत पर रमेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। भाकियू ने प्रशासन और बैंक प्रबंधन से आपसी बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समझौते का रास्ता नहीं निकाला गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और बैंक प्रबंधन की होगी। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष उमेद रेढू, राजेंद्र पहलवान, जयबीर, रमेश, रामराजी, बलवान उझाना, सुभाष घिमाना, रणधीर, सत्यवान, प्रकाश मौजूद रहे।