जींद। जिला कारागार में बंद लाखन माजरा निवासी संदीप के आत्महत्या मामले में मंगलवार को परिजन एसपी कुलदीप सिंह से मिले। उन्होंने मामले में नामजद सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि आरोपियों पर सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। संदीप ने कथित रूप से आत्महत्या से पहले अपने पैर पर जेल के दो उपाधीक्षकों, हवलदार और एक कैदी पर मानसिक प्रताड़ना तथा इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए थे। उसने अपनी मौत के लिए इन्हीं लोगों को जिम्मेदार ठहराया। आरोप है कि पीजीआई में उपचाराधीन होने के बावजूद उसे समय पर दवा और उचित इलाज नहीं मिल रहा था। उसने यह भी लिखा कि उसे 14 एमएम की पथरी थी और दर्द के बावजूद पर्याप्त चिकित्सा सुविधा नहीं दी गई। शव का पोस्टमार्टम न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देश पर मेडिकल कॉलेज खानपुर में चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। वर्जन मामले की जांच न्यायिक मजिस्ट्रेट कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। --आशीष कुमार, प्रभारी, सिविल पुलिस लाइन थाना जींद