काकड़ोद गांव के पास बरवाला ब्रांच नहर में दोस्त के साथ नहाने गया युवक डूब गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने युवक की तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चल पाया है। जींद शहर के भिवानी रोड वाल्मीकि मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय मोनू अपने दोस्त कुलदीप के साथ शनिवार शाम घर से किसी काम के लिए गया था। उसके बाद दोनों नहर पर नहाने के लिए काकड़ोद हेड पर चले गए। वहां नहाते समय मोनू नहर में डूब गया। कुलदीप और अन्य नहा रहे लोगों ने उसे डूबते देखा तो निकालने की कोशिश की, लेकिन मोनू पानी से बाहर नहीं आ पाया। इसके बाद कुलदीप ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी।