नरवाना। ब्रह्माकुमारीज के राष्ट्रव्यापी 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत शुक्रवार को एसडी कन्या महाविद्यालय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान करीब 1600 छात्राओं और स्टाफ ने नशामुक्ति की शपथ ली। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता बीके पूजा और बीके मीना ने कहा कि आज युवाओं को दिखावे, तनाव, असफलता और गलत संगति के नाम पर शराब, सिगरेट, स्मैक, चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने छात्राओं से किसी भी प्रकार के दबाव में न आने और नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशे को ठुकराने वाला युवा ही सच्चा नशामुक्त महावीर कहलाएगा और वही अपने लक्ष्य तक पहुंच सकेगा। एसडी कन्या महाविद्यालय में प्राचार्या नीना गुप्ता तथा राजकीय कन्या विद्यालय में प्राचार्या मीनाक्षी को ब्रह्माकुमारीज की ओर से स्मृति-चिह्न और प्रशस्ति प्रमाणपत्र भेंट किए गए। वक्ताओं ने बताया कि यह अभियान भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नशा मुक्त भारत अभियान, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के मिशन स्पंदन और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की 'माई भारत' पहल से जुड़ा राष्ट्रीय जनजागरूकता अभियान है, जिसमें ब्रह्माकुमारीज जनभागीदारी के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभा रही है।