फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहादुरगढ़: सेक्टर-13 में पेयजल लाइन लीकेज से जलभराव, चेयरपर्सन सरोज राठी ने मौके पर किया निरीक्षण

शाहिल शर्मा Updated Mon, 12 Jan 2026 02:11 PM IST

शहर के सेक्टर-13 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की पेयजल पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण पिछले करीब 10 दिनों से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। इससे जहां सेक्टरवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, वहीं कीमती पेयजल भी लगातार बर्बाद हो रहा था। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने सोमवार को सेक्टर-13 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चेयरपर्सन सरोज राठी ने जलभराव की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के जेई विकास देशवाल को भी मौके पर बुलाया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान किया जाए, ताकि सेक्टरवासियों को राहत मिल सके और पेयजल की बर्बादी रोकी जा सके। चेयरपर्सन ने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एचएसवीपी के जेई ने मौके पर स्थिति का जायजा लेने के बाद बताया कि पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लीकेज को दुरुस्त किया जाएगा। अधिकारी ने इस कार्य को पूरा करने के लिए दो दिन का समय मांगा और कहा कि निर्धारित समयसीमा में समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पार्षद राजेश तंवर, सेक्टर-13 आरडब्ल्यूए के प्रधान राजवीर दलाल, विकास दलाल, हंसराज, प्रवीण राणा, पंकज और पिंकी सहित अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने चेयरपर्सन को बताया कि पिछले 10 दिनों से जलभराव के कारण सेक्टरवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। चेयरपर्सन सरोज राठी ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और सेक्टरवासियों को आश्वस्त किया कि नगर परिषद और संबंधित विभाग मिलकर इस समस्या का जल्द समाधान कराएंगे। उन्होंने कहा कि शहर के हर सेक्टर में मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना सीएम नायब सैनी सरकार की प्राथमिकता है और भविष्य में ऐसी समस्याएं दोबारा न हों, इसके लिए भी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए जाएंगे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें