शहर के पुरानी तहसील रोड स्थित पुराने नप कार्यालय के बाहर मंगलवार दोपहर दो बैल आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों बैलों की आपसी भिड़ंत से आसपास खड़ी गाड़ी व मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। जिले में बेसहारा पशुओं के कारण ऐसी कई घटनाएं देखने का मिल रही है, जिसमें बेसहारा पशुओं ने आमजन व वाहनों को नुकसान पहुंचाया है। ऐसा ही एक मामला मंगलवार को भी देखने को मिला। मंगलवार को दोपहर के समय पुराने नप कार्यालय के बाहर दो बैल आपस में भिड़ गए। दोनों बैलों की भिड़ंत कई देर तक चलती रही। इस दौरान दोनों बैलों ने आसपास में खड़ी कई गाड़ियों व मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाया। दोनों बैल अपने सींगों को एक-दूसरे के सींगों में फंसाते हुए इधर-उधर घूमते रहे। हालांकि इस दौरान आसपास किसी आमजन को काेई चोट नहीं आई।