खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में मंगलवार को बीमा सखी योजना के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पहुंची एसडीएम रेणुका नांदल का एलआईसी टीम ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान एसडीएम रेणुका नांदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अति महत्वाकांक्षी योजना बीमा सखी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बीमा जागरूकता बढ़ाना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की यह एक अनोखी पहल है। एसडीएम ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम के आयोजन का मुख्य उद्देश्य हर पंचायत में एक महिला बीमा सखी तैनात करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी सरपंच व पंचायत प्रतिनिधियों को बीमा सखी योजना के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया ताकि बीमा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े। विशेषकर महिला शक्ति को बीमा सखी योजना से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत किया जा सके। इससे वे आर्थिक व्यवस्था में हिस्सेदार बनेंगी और घर बैठे उन्हें एक रोजगार भी मिल सकेगा।